Pages

Sunday, March 11, 2018

डिविलयर्स के खेल में कंगारू हुये फेल



मैच की तीसरे दिन एबी डिविलयर्स के शानदार शतक की बदौलत साउथ अफ्रीका ने ऑस्ट्रेलिया पर 139 रनों की बड़ी बढत हासिल कर ली है। एबी डिविलयर्स ने नाबाद 126 रन बनाये। पोर्ट एलिजबेथ में चल रहे दूसरे टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया नें पहली पारी में 243 रन बनाये थे। इसके जबाब में साउथ अफ्रीका ने पहली पारी में 382 रन बनाये है।

एबी डिविलयर्स के अलावा साउथ अफ्रीका के लिये डीन एल्गर ने 57 और अमला नें 56 रन बनाये। फिलैंडर ने 36 और महाराज ने 30 रन बनाये। पुछल्ले बल्लेबाजों की मदद से अफ्रीका 100 से ज्यादा की बढ़त हासिल करने में कामयाब रहा।
इससे पहले ऑस्ट्रेलिया ने इस दूसरे टेस्ट में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी चुनी। ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत बेहद शानदार रही थी लेकिन बाबजूद इसके टीम बड़ा स्कोर खड़ा नही कर सकी। टीम सभी विकेट खोकर 243 रन ही बना सकी। पहले विकेट के लिए कैमरन बेनक्राफ्ट (38) और वार्नर (63) ने 98 रन की साझेदारी की थी। इसके बाद विकेट गिरने का सिलसिला शुरू हुआ और टीम के बल्लेबाज एक एक कर अपना विकेट खोते रहे। पुछल्ले बल्लेबाज अफ्रीका के गेंदबाज़ों का सामना नही कर सके। कागिसो रबाडा ने पारी में 5 विकेट लिए।

पहला मैच 118 रनों से जीतकर ऑस्ट्रेलिया 4 मैचों की सीरीज में 1-0 से आगे है।

Thursday, March 01, 2018

त्रिकोणीय सीरीज के लिए चुनी गये श्रीलंकाई चीते



तीन देशों के बीच होने वाली टी20 त्रिकोणीय सीरीज के लिए मेजबान श्रीलंकाई टीम का ऐलान कर दिया गया है।
श्रीलंका देश के आजादी के 70 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में इस सीरीज का आयोजन किया जा रहा है। घरेलू टीम श्रीलंका अपना पहला मुकाबला भारतीय टीम के खिलाफ 6 मार्च को खेलेगी। उसके बाद 10 मार्च को बांग्लादेश के खिलाफ 12 मार्च को फिर से भारत के खिलाफ और अपना अंतिम मैच श्रीलंकाई टीम बांग्लादेश के खिलाफ 16 मार्च को मैच खेलेगी। इस सीरीज का फाइनल मुकाबला 18 मार्च को खेला जायेगा।

बतादें कि इस सीरीज से पहले श्रीलंका के सीमित ओवरों के कप्तान एंजेलो मैथ्यूज और ऑलराउंडर असेला गुनारत्ने चोट के कारण पहले ही बाहर हो गए थे जबकि इस सीरीज के लिए दिग्गज तेज गेंदबाज लसिथ मलिंगा को भी टीम में जगह नहीं दी गई है। इसके साथ ही विकेटकीपर बल्लेबाज निरोशन डिकवेला को भी बाहर का रास्ता दिखाया गया है।

टी20 त्रिकोणीय सीरीज से एंजेलो मैथ्यूज के बाहर होने के कारण मेजबान टीम का कप्तान दिनेश चंडीमल को चुना गया है और साथ ही उपकप्तान के रूप में तेज गेंदबाज सुरंगा लकमल टीम में शामिल किये गए हैं। विकेटकीपर बल्लेबाज निरोशन डिकवेला के स्थान पर कुसल परेरा टीम के विकेटकीपर का जिम्मा संभालेंगे।

लसिथ मलिंगा को लगातार टीम से बाहर रखने को लेकर श्रीलंका के चयनकर्ताओं ने बड़ा बयान दिया और कहा कि हम उन्हें विश्व कप 2019 में खिलाने के लिए आराम दे रहे हैं।

टी20 त्रिकोणीय सीरीज के लिए श्रीलंकाई टीम:

दिनेश चंडीमल (कप्तान), सुरंगा लकमल (उप कप्तान), उपुल थरंगा, कुसल मेंडिस, अकीला धनंजय, दसुन शनाका, इसुरु उदाना, नुवान प्रदीप, दुश्मन्था चमीरा, अमीला अपोंसो, दनुष्का गुनाथिलका, कुसल परेरा (विकेटकीपर), थिसारा परेरा, जीवन मेंडिस और धनंजय डी सिल्वा।

Friday, February 16, 2018

कंगारूओं की कीवी टीम पर करिश्माई जीत...

आकलैंड में हुये त्रिकोणीय सीरीज के पांचवें टी20 मैच में कंगारुओं ने न्यूज़ीलैंड को चौंकाते हुए आसानी से हरा दिया है। ऑस्ट्रेलिया ने न्यूज़ीलैंड पर 5 विकेट से शानदार व करिश्माई जीत दर्ज की है।

न्यूज़ीलैंड ने ऑस्ट्रेलिया के सामने जीत के लिए 244 रनों का पहाड़ जैसा लक्ष्य रखा था। इस लक्ष्य को ऑस्ट्रेलिया ने 19 ओवरों में 5 विकेट खोकर आसानी से हासिल कर लिया।

244 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए ऑस्ट्रेलिया ने ताबड़तोड़ रन बनाए। पहले विकेट के लिए वार्नर और आरसी शार्ट ने 8.3 ओवर में 121 रनों की साझेदारी की। वार्नर ने 13वां अर्धशतक जड़ते हुए 24 गेंदों में 59 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने 5 छक्के जड़े। ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 10 ओवर में 135 और 13 ओवरों में 175 रन था। एक छोर पर शार्ट भी लगातार रन बनाते रहे तो दूसरी तरफ से भी आक्रमण जारी रहा। क्रिस लिन ने 13 गेंदों में 18 जबकि मैक्सवेल ने 14 गेंदों में 31 रन बनाए।अंत मे फिंच ने 1 ओवर शेष रहते 14 गेंदों में 36 रन जड़कर जीत दिला दी। शार्ट ने 44 गेंदों में 76 रन बनाए और मैन ऑफ द मैच बने।

इससे पहले मैच में न्यूज़ीलैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। टीम ने अपने दोनों ओपनरों की मदद से 243 रन का स्कोर खड़ा किया। मार्टिन गुप्टिल और कोलिन मुनरो ने टीम को धाकड़ शुरुआत दी। गुप्टिल ने करियर का दूसरा शतक लगाते हुए 54 गेंदों में 105 रन बनाए। वहीं कोलिन मुनरो ने भी 33 गेंदों में 76 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली। इस दौरान उन्होंने 6 छक्के और 6 चौके जड़े जबकि गुप्टिल ने भी अपनी पारी में 6 चौके और 9 छक्के लगाये। अंत मे रॉस टेलर ने 6 गेंदों में 17 रन बनाकर टीम को दूसरी बार 243 रन बनाने में मदद की। न्यूज़ीलैंड की पारी में कुल 18 छक्के लगे। बता दें कि न्यूज़ीलैंड पहले भी वेस्टइंडीज के खिलाफ 243 रन बना चुका है।

सेंचुरियन में आज ठुकेगी आखिरी कील...



भारत और साउथ अफ्रीका के बीच सीरीज का आखिरी मैच आज सेंचुरियन में शाम 4:30 बजे से खेला जाएगा। 6 मैचों की सीरीज में भारत 4-1 से आगे है।

टीम इंडिया वनडे सीरीज पर पहले ही कब्जा कर चुकी है, लिहाजा ये मैच सीरीज के दृष्टिकोण से ज्यादा महत्वपूर्ण नही है, लेकिन भारतीय टीम इस मैच को जीतने में भी कोई कसर नही छोड़ना चाहेगी। टीम इंडिया सेंचुरियन के मैदान में आखिरी कील ठोंककर सीरीज को 5-1 से सील करने की कोशिश जरुर करेगी।

अगर भारत आज का मैच भी जीत लेता है तो सीरीज 5-1 से समाप्त हो जाएगी। वनडे सीरीज की शानदार जीत टेस्ट सीरीज में मिली हार को दबाने की कोशिश जरूर करेगी। वहीं अगर भारत हार भी गया तो उसको 4-2 की जीत में ही संतोष करना पड़ेगा।

इस मैच के बाद 3 मैचों की टी20 सीरीज भी खेली जानी है, लिहाजा टीम इंडिया जीत के क्रम को बिगड़ना बिल्कुल भी नही चाहेगी।



इस अंतिम मैच में विराट कोहली के सामने उन खिलाड़ियों को भी परखने का मौका होगा, जो इस सीरीज में अभी तक नही खेल पाए हैं। भुवनेश्वर कुमार और जसप्रीत बुमराह लगातार भारत के लिए टेस्ट और वनडे में खेल रहे हैं, लिहाजा आज इस अनुपयोगी मैच में दोनों को आराम दिया जा सकता है। भुवनेश्वर की जगह श्रद्ल ठाकुर को मौका मिल सकता है। वहीं बल्लेबाजी में भी फेरबदल देखा जा सकता है। मनीष पांडे और दिनेश कार्तिक को खिलाया जा सकता है। स्पिन जोड़ी में फेरबदल दिलचस्प होने वाला है क्योंकि दोनों ही स्पिनर चहल और कुलदीप का प्रदर्शन पूरी सीरीज में बेहतरीन रहा है। कहना गलत नही है कि इन्ही दोनों की वजह से टीम जीत रही है अगर आज के मैच में कोई एक न खेला तो जीत मुश्किल हो सकती है। हालांकि अक्सर पटेल अभी तक बेंच की ही शोभा बड़ा रहे हैं। उन्हें आज खिलाया जा सकता है।


सेंचुरियन मैदान की बात करें तो इस मैदान पर भारत का रिकॉर्ड ठीक-ठाक है। इसी मैदान पर सीरीज का दूसरा मैच भी खेला गया था, जिसमें भारत ने 9 विकेट से शानदार जीत दर्ज की थी। साउथ अफ्रीका के खिलाफ भारत ने यहाँ 6 मैच खेले हैं। जिसमें भारत ने 3 जीतें हैं और 2 हारें हैं जबकि एक मैच बेनतीजा रहा है। साउथ अफ्रीका के विरुद्ध इस मैदान पर भारत का उच्चतम स्कोर 234/10 है जबकि न्यूनतम स्कोर भी 200/9 है।


इस मैदान पर भारत की तरफ से एकमात्र शतक यूसुफ पठान (110) ने लगाया है।


इस मैदान पर सचिन तेंदुलकर ने सबसे ज्यादा रन बनाए हैं। सचिन ने यहां 9 मैचों में 313 रन बनाए हैं जबकि विराट कोहली ने 5 मैचों में सिर्फ 64 रन बनाए हैं।


आशीष नेहरा ने यहां 4 मैचों में सबसे ज्यादा 8 विकेट लिए हैं जबकि एकमात्र मैच खेलकर युजवेंद्र चहल ने यहां 5 विकेट झटके हैं।

pic credit to cricket country





Wednesday, February 14, 2018

कोहली नही, ये जोड़ी रही है जीत की असली वजह...



भारत ने कल हुये सीरीज के पांचवे एकदिवसीय मैच में साउथ अफ्रीका को 73 रनों से हरा दिया है। जीत के हीरो रोहित शर्मा रहे हैं, जिन्होंने शानदार शतक लगाया। कुलदीप ने भी 4 विकेट लिये।

6 मैचों की सीरीज में भारत को 4-1 की अजय बढ़त हासिल है। साथ ही टीम इंडिया ने साउथ अफ्रीका की धरती पर पहली बार कोई द्विपक्षीय सीरीज जीती है। भारत ने यह उपलब्धि साउथ अफ्रीका को ही हराकर हासिल की है।

महेंद्र सिंह धोनी और सौरव गांगुली जैसे कप्तानों की देख रेख में टीम इंडिया कभी ये करिश्मा नही कर पायी लेकिन विराट कोहली की कप्तानी में टीम ने पहली बार वनडे सीरीज जीतकर इतिहास रच दिया है। बेशक जीत का श्रेय कप्तान विराट कोहली के ही दिया जा रहा है, लेकिन अगर हम कहें कि टीम इंडिया ने ये जीत किसी और वजह से हासिल की है तो आपको हैरानी जरूर होगी।


विराट का प्रदर्शन वनडे सीरीज में शानदार रहा है, लेकिन विराट का प्रदर्शन टेस्ट में भी बेहतरीन था। मगर टेस्ट में भारत हार गया था, क्योंकि उसके पास ये जोड़ी नही थी। टेस्ट में अनुभवी पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी नही थे। धोनी के अलावा जिस जोड़ी की हम बात कर रहे हैं, वो भी उस टेस्ट सीरीज में नही थी।

इस जोड़ी के बारे में आपको बताएं, उससे पहले आपको ये बता दें कि भारत को एकदिवसीय सीरीज में जीत अपने गेंदबाज़ों के बलबूते मिली है।

जी हां आपको बता दें कि भारत ने ये जीत गेंदबाज़ों के दम पर हासिल की है। टेस्ट में तेज गेंदबाजों ने अपना कहर बरपाया, तो वनडे में स्पिनरों ने अपनी धाक जमाई।

विदेशी दौरों पर भारत की हालत खस्ता रहती है, क्योंकि विदेशी धरती पर भारत के गेंदबाज बेअसर साबित होते हैं। इस दौरे से पहले भी टीम के गेंदबाज़ों से यही उम्मीद की जा रही थी लेकिन इन गेंदबाज़ों ने उम्मीद के विपरीत प्रदर्शन किया और भारत को कामयाबी दिलायी।

तीन मैचों की टेस्ट सीरीज में विराट कोहली ने सबसे ज्यादा रन बनाए थे। भारत सीरीज तो हार गया था, लेकिन भारत ने अपने तेज गेंदबाज़ों के दम पर साउथ अफ्रीका को कड़ी टक्कर दी। यही नही शुरुआत के दो मैच हारने के बाद भारत ने तीसरा टेस्ट भी शानदार ढंग से जीत लिया। तीसरा टेस्ट भारत ने अपने गेंदबाज़ों के दम पर ही जीता था।

टेस्ट सीरीज के बाद वनडे सीरीज में भी भारतीय गेंदबाजों का कमाल जारी है। टेस्ट की तरह वनडे में भी विराट कोहली अब तक सबसे ज्यादा रन बना चुके हैं, लेकिन वनडे में तेज गेंदबाज़ों की जगह स्पिनरों ने अपनी धाक जमाई है, और अपनी टीम को जीत दिला रहे हैं।

स्पिनरों की बात करें तो स्पष्ट हो जाता है कि जीत विराट कोहली नही बल्कि भारतीय स्पिन जोड़ी दिला रही है। ये बात हम नही आंकड़े कह रहे हैं।

6 मैचों की सीरीज में अभी तक 5 मैच खेले गए हैं। इन 5 मैचों में भारत ने 4 में जीत दर्ज की है जबकि एक मैच भारत हार गया है। इस हारे हुये मैच में हार का कारण बारिश रही है। अगर बारिश ना होती तो ये मैच भी भारत जीत जाता। इसके विपरीत अगर ये कहा जाये कि उस मैच में कुलदीप यादव और यजुर्वेद चहल अपना असर नही दिखा सके इसलिए भारत हार गया। तो ये कहना भी गलत नही होगा। मैच में कुलदीप ने 6 ओवरों मे 51 और चहल ने 5.3 ओवरों में 68 रन लुटा दिए। एक समय मैच भारत की पकड़ में था लेकिन इन दोनों के घटिया प्रदर्शन के चलते भारत मैच हार गया।

सीरीज के अन्य मैचों पर नज़र डालेंगे तो साफ हो जाता है कि दोनों गेंदबाज़ों ने शानदार गेंदबाजी की है और अपनी टीम को जीत दिलाई है।

अब तक खेले गए पांच मुकाबलों में कुलदीप यादव सबसे सफल गेंदबाज रहे हैं। कुलदीप ने सबसे ज्यादा 16 विकेट हासिल किए हैं। इस दौरान उन्होंने 185 रन खर्च किये। कुलदीप का औसत 11.56 और इकॉनमी 4.51 का रहा।
कुलदीप यादव के अलावा यजुवेंद्र चहल सीरीज के दूसरे सफल गेंदबाज रहे हैं। चहल ने 14 विकेट हासिल किए हैं, और इसके लिए उन्होंने 224 रन खर्च किये।

साफ है कि दोनों स्पिनर ने अब तक 30 विकेट हासिल किए हैं। जिससे भारत को इतिहास रचने में काफी मदद मिली है। टेस्ट में तेज गेंदबाजों ने अपना कहर बरपाया तो वनडे में स्पिनरों ने अपनी धाक जमाई।

बल्लेबाजी में विराट कोहली और शिखर धवन का प्रदर्शन भी सराहनीय है, लेकिन जीत के असली नायक कुलदीप यादव और यजुवेंद्र चहल रहे हैं।

pics credit to cricket country. 



Sunday, February 11, 2018

सीरीज नही लगी हाथ, अफ्रीका को मिला किस्मत का साथ!



लगातार 3 मैच हारने के बाद आखिरकार साउथ अफ्रीका को पहली जीत मिल गयी है। कल हुए सीरीज के चौथे मैच में साउथ अफ्रीका ने भारत को 5 विकेट से हरा दिया है। अफ्रीका की इस जीत के हीरो रहे हेंरिचज क्लासेन और डेविड मिलर। हालांकि डेविड मिलर को शुरू में ही 2/3 जीवनदान मिले, लेकिन ये कहना भी गलत नही होगा कि साउथ अफ्रीका को किस्मत का भरपूर साथ मिला है।

भारत ने शिखर धवन के शतक की बदौलत साउथ अफ्रीका के सामने जीत के लिए 290 रनों का लक्ष्य रखा था। मगर अफ्रीका की पारी के दौरान ही बारिश ने मैच में बाधा डाल दी थी, जिस वजह से साउथ अफ्रीका को 28 ओवरों में 202 रनों का संशोधित लक्ष्य मिला। इस लक्ष्य को साउथ अफ्रीका ने डेविड मिलर (39) और क्लासेन ( नाबाद 43) की मदद से 25.3 ओवर में 5 विकेट खोकर ही हासिल कर लिया। क्लासेन को मैन ऑफ द मैच का अवार्ड मिला।

अब इस हार के साथ भारत को साउथ अफ्रीका में साउथ अफ्रीका को एकदिवसीय सीरीज में हराने के लिए कुछ दिन का इंतजार और करना पड़ेगा।

टीम इंडिया कल जब मैदान पर उतरी तो उसकी नज़र साउथ अफ्रीका में पहली सीरीज जीत पर थी। कप्तान विराट कोहली ने टॉस जीता और पहले बल्लेबाजी चुनी। रोहित शर्मा की खराब फॉर्म इस मैच में भी जारी रही। रोहित सिर्फ 5 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद दूसरे विकेट के लिए शिखर धवन और कोहली ने 158 रनों की साझेदारी की। शिखर धवन का ये 100वां मैच था और इस मैच में उन्होंने अपने करियर की 13वीं सेंचुरी जड़ दी। हालांकि विराट कोहली 75 रन बनाकर आउट हुए। अंत मे धोनी के नाबाद 42 रनों की बदौलत भारत ने 289 का स्कोर खड़ा किया।

इस स्कोर के जबाब में साउथ अफ्रीका ने संभलकर पारी की शुरुआत की। पहले विकेट के लिए अमला और मार्कराम ने 43 रन जोड़े। जब कप्तान आउट हुए तब ही बारिश ने मैच में खलल डाला। बारिश की वजह से काफी देर तक खेल रुका रहा। जब मैच शुरू हुआ तो अफ्रीका को 28 ओवरों में 202 का लक्ष्य मिला। इस लक्ष्य को हासिल करने में टीम के सभी खिलाड़ियों का योगदान रहा। डिविलियर्स ने भी 26 रनों की तेज पारी खेली।




Saturday, February 10, 2018

कमाल जोड़ी का फिर प्रहार, इंग्लैंड की दूसरी हार!



क्रिस लिन और मैक्सवेल की आकर्षक पारी की मदद से आज हुए त्रिकोणीय टी20 श्रृंखला के तीसरे मैच ऑस्ट्रेलिया ने इंग्लैंड को 7 विकेट से हरा दिया है।

सीरीज में अभी तक हुए सभी मैच जीतकर ऑस्ट्रेलिया, अंकतालिका में सबसे ऊपर बिराजमान है। इंग्लैंड पर ऑस्ट्रेलिया की यह लगातार दूसरी जीत है।

सीरीज की तीसरी टीम न्यूज़ीलैंड की है, जो फिलहाल अंकतालिका में सबसे नीचे है।



मैच में इंग्लैंड ने ऑस्ट्रेलिया के सामने 138 रनों का लक्ष्य रखा। ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत ख़राब रही और उसका पहला विकेट डेविड वार्नर के रूप में 2 ही रन पर गिर गया। इसके बाद क्रिस लिन ने ताबड़तोड़ रन बनाते हुए टीम का स्कोर 5 ओवर में 50 तक पहुंचा दिया। 51 रन के कुल स्कोर पर क्रिस लिन 19 गेंदों में 31 रन बनाकर आउट हुए। इस दौरान लिन ने 4 चौके और 2 छक्के जड़े। क्रिस के बाद पिछले मैच के शतकवीर ग्लेन मैक्सवेल ने मोर्चा संभाला और तेज रफ्तार से रन बनाए। मैक्सवेल ने 26 गेंदे में 2 छक्के और तीन चौके की मदद से 39 रन बनाये। हालांकि एक छोर पर सलामी बल्लेबाज आरसी शार्ट ने अपना विकेट संभाले रखा और अंत तक नाबाद रहते हुए 33 गेंदों में 36 रन बनाए। उनके अलावा आरोन फिंच ने अंत मे ताबड़तोड़ 20 रन बनाए। ये रन उन्होंने 5 गेंदों में बनाये। इस दौरान फिंच ने 2 छक्के और 2 चौके जड़े। ऑस्ट्रेलिया ने लक्ष्य को 14.3 ओवर में ही हासिल कर लिया।
इससे पहले ऑस्ट्रेलिया ने मैच में टॉस जीता और पहले गेंदबाजी का फैसला किया। डेविड वार्नर का यर फैसला तब सही साबित हुआ जब इंग्लैंड ने अपने 3 विकेट 34 रन पर ही गंवा दिये। इसके बाद मध्यक्रम में जोस बटलर ने टीम को संभाला और उपयोगी 46 रन बनाए। उनके अलावा सैम विलिंग्स (29) और जेम्स विंस (21) ने भी अपना योगदान दिया। जिससे टीम 137 रन बनाने में कामयाब रही। ऑस्ट्रेलिया के लिए केन रिचर्ड्सन ने 33 रन देकर 3 विकेट झटके।


PICS CREDIT TO CRICKET COUNTRY